IRCTC के इस शानदार Tour पैकेज में करे 3 धाम, 11 ज्योतिर्लिंग और कई तीर्थ स्थलों की यात्रा, जानें किराया

धार्मिक यात्राओं का शौक रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए आईआरसीटीसी एक खास अवसर लेकर आया है। अगर आप लंबे समय से देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करने का सपना देख रहे हैं, तो अब यह सपना एक ही टूर में पूरा हो सकता है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन के जरिए 18 दिनों की विशेष आध्यात्मिक यात्रा की घोषणा की है।

यह ट्रेन 3 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और यात्रियों को देश के कई प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन कराएगी। खास बात यह है कि यात्रा के दौरान 3 धाम और 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

यात्रा की शुरुआत होगी काशी से :-

इस आध्यात्मिक सफर का पहला पड़ाव वाराणसी होगा। यहां श्रद्धालु बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के साथ गंगा घाटों की आध्यात्मिक अनुभूति भी प्राप्त करेंगे। इसके बाद ट्रेन झारखंड के देवघर पहुंचेगी, जहां बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन कराए जाएंगे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

अगला पड़ाव भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी होगा। यहां श्रद्धालु जगन्नाथ मंदिर के साथ-साथ पुरी समुद्र तट का भी आनंद ले सकेंगे। इसके बाद यात्रा दक्षिण भारत की ओर बढ़ेगी, जहां श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग और रामेश्वरम के प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। रामेश्वरम में धनुषकोडी और विभीषण मंदिर भी यात्रा का हिस्सा रहेंगे।

कई राज्यों के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग होंगे शामिल  :-

यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के तीन प्रमुख ज्योतिर्लिंग—भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर—के दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके अलावा एलोरा की ऐतिहासिक कैलाश गुफाओं और नासिक के पंचवटी क्षेत्र का भ्रमण भी कराया जाएगा।

गुजरात में श्रद्धालु द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, बेट द्वारका और सोमनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। वहीं मध्य प्रदेश में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। लगभग 18 दिनों के इस धार्मिक सफर के बाद ट्रेन वापस दिल्ली लौटेगी।

ट्रेन में मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं:-

भारत गौरव डीलक्स ट्रेन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है ताकि यात्रियों को आरामदायक अनुभव मिल सके। ट्रेन में फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी कोच उपलब्ध हैं।

इसके अलावा यात्रियों के लिए आधुनिक रसोईघर, रेस्टोरेंट, सेंसर आधारित वॉशरूम, शॉवर सुविधा, इलेक्ट्रॉनिक फुट मसाजर, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था भी की गई है। यानी यात्रा के दौरान सुविधा और सुरक्षा दोनों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

 

कितना देना होगा किराया?

श्रेणी सिंगल शेयरिंग डबल शेयरिंग ट्रिपल शेयरिंग 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए
फर्स्ट एसी ₹2,21,955 ₹1,98,010 ₹1,94,590 ₹1,82,425
सेकेंड एसी ₹2,05,940 ₹1,81,995 ₹1,78,575 ₹1,66,410
थर्ड एसी ₹1,73,910 ₹1,49,965 ₹1,46,545 ₹1,34,380

पैकेज में क्या मिलेगा?

आईआरसीटीसी के इस टूर पैकेज में सिर्फ ट्रेन यात्रा ही नहीं, बल्कि कई अन्य सुविधाएं भी शामिल हैं। यात्रियों को 3-स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए एसी वाहन, ट्रैवल इंश्योरेंस और पूरे टूर के दौरान अनुभवी टूर मैनेजर की सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

यानी एक बार बुकिंग कराने के बाद यात्रियों को होटल, भोजन या स्थानीय यात्रा की अलग से चिंता नहीं करनी होगी। धार्मिक आस्था और आरामदायक सफर का यह अनोखा संगम श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव साबित हो सकता है।

1 thought on “IRCTC के इस शानदार Tour पैकेज में करे 3 धाम, 11 ज्योतिर्लिंग और कई तीर्थ स्थलों की यात्रा, जानें किराया”

Leave a Comment